विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत अमारी रोड पर स्थित हनुमानगंज के पास अज्ञात की ओर से कार सवार पर गोली चलाने का मामला प्रकाश में आया है।
हर्रैया थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी कुलदीप पुत्र घनश्याम वर्मा जो कि सीमेंट व्यापारी है ने बताया कि वह सोमवार की रात करीब आठ बजे अपनी कार से वापस घर जा रहे थे। हनुमानगंज के पास गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी। कार में सवार अन्य साथी दीपक वर्मा, कृष्णा वर्मा, राम जनक वर्मा ने कांवड़ियाें के शोर में ध्यान नहीं दिया और घर चले गए। सुबह जब कुलदीप कार धुलने लगे तो पाया कि ड्राइवर साइड गेट के ठीक पीछे निचले हिस्से को पार करते हुए चेचिस तक छेद हो गया है।
इससे कुलदीप रात को गोली की आवाज को लेकर घबरा गए और कार्रवाई के लिए छावनी पुलिस को तहरीर देकर पूरी घटना की जानकारी दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है।