बभनान। चीनी मिल से गन्ना खाली करके लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली नगर पंचायत के पुरानी सब्जी मंडी में अचानक बेकाबू हो गई। दुकानों की सब्जियों को कुचलते हुए सड़क किनारे खड़े मालवाहक को टक्कर मारते पलट गई। यह देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने भागते हुए किसी तरह से जान बचाई। इस दौरान सड़क की पटरी पर सब्जी की दुकानों को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सब्जी मंडी में तेज रफ्तार आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली देखकर लोगों के होश उड़ गए। सड़क संकरी होने के चलते शाम को इतनी भीड़ रहती है कि यहां से मोटरसाइकिल निकालना मुश्किल रहता है। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्रॅाली बेकाबू होकर थ्री व्हीलर में फंसकर ट्रॉली उसी पर पलट गई। सूचना पर मौके पर पहुंची गौर पुलिस स्थानीय लोगों के सहयोग से पलटी ट्राली को सीधा करवाकर उसके नीचे दबी थ्री व्हीलर को बाहर निकलवाया। चौकी इंचार्ज बभनान अनंत कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।