बस्ती। सरसों के खेत में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। आबरू बचाने में महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था।
पुलिस के मुताबिक, सामूहिक दुष्कर्म के मामले में छह महीने पहले जमानत पर जेल से छूटकर आए उसी गांव के आरोपी ने महिला से दुष्कर्म की कोशिश की थी। नाकाम होने पर गला कसकर उसकी हत्या कर दी थी।
बताया जाता है कि आरोपी मट्ठू उर्फ पृथ्वीपाल काफी दिनों से महिला पर बुरी नजर रखता था। 22 फरवरी की रात जब महिला खेत की तरफ गई तो वह भी पीछे-पीछे पहुंच गया। सीओ संजय सिंह के अनुसार, उसने पहले जबरदस्ती करने की कोशिश की। लेकिन, जब कामयाब नहीं हो पाया तो उसी की साड़ी से गला कसकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी मट्ठू उर्फ पृथ्वीपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सीओ ने आरोपी मिट्ठू से पूछताछ के आधार पर बताया कि जब से वह जेल से छूटकर आया था, तभी से रोजाना शाम को महिला के घर जाकर घंटों बैठता था। हावभाव से उसे लगता था कि महिला भी उसमें रुचि रखने लगी है। इसलिए उसने उसके परिवार के लोगों की पूरी दिनचर्या पर निगाह रखना शुरू कर दिया। उसे पता चला कि देर शाम वह बच्चों के साथ रोज खेत की तरफ जाती है। मगर साथ में बच्चों के होने की वजह से उसे मौका नहीं मिल पा रहा था।
सीओ के मुताबिक, 22 फरवरी को वारदात की रात भी महिला के दरवाजे पर बैठे मिट्ठू ने उसे अकेले सिवान की तरफ जाते देखा। वह भी पीछे-पीछे सरसों के खेत में पहुंच गया। उसे देख महिला चौंक गई और भाग जाने को कहा। मिट्ठू उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। अपनी आबरू बचाने का प्रयास करने के साथ ही महिला ने धमकी दी कि घर जाकर वह उसकी इस हरकत के बारे में सबको बता देगी। इस पर मिट्ठू उर्फ पृथ्वीपाल ने उसकी साड़ी से ही पैर बांध दिया। साड़ी के दूसरे सिरे से गला कसकर खेत में घसीट दिया। दम घुटने से महिला की मौत हो गई थी।