बालू लदा ट्रक पलटा, चालक की दबकर मौत
- छावनी थाने के भदोही गांव की घटना
- गोंडा जिले के तुलसीपुर माझा के राजेश के रूप में हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के भदोही गांव में बुधवार देर रात बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चालक की दबकर मौत हो गई।
चालक की पहचान गोंडा जिले के नबाबगंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मांझा निवासी राजेश मिश्र 27 के रूप में हुई। राजेश बुधवार को ट्रक लेकर छावनी थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव स्थित खदान से बालू भरने आए थे। बालू भरकर लौटते समय भदोई गांव के सामने हाईवे पर चढ़ते समय ट्रक अनियंत्रित होकर बगल के गड्ढे में पलट गया। जिसमें वह ट्रक के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे खनन संचालकों ने इसकी जानकारी छावनी थाना के चौकी प्रभारी विक्रमजोत योगेंद्र कुमार को दी। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक को सीधा कराया और राजेश के शव को बाहर निकाला। पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि राजेश मिश्र पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। राजेश की पत्नी निशा व तीन वर्षीय बेटी भी है। राजेश गोंडा के एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक लेकर बालू लादने निकले थे। थानाध्यक्ष रोहित उपाध्याय ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह थाने पर पहुंचे राजेश के बड़े भाई सुभाष मिश्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।