बभनान/गौर। बुधवार देर रात लखनऊ-गोरखपुर रेल खंड पर बुढ़वल के पास रेलवे ट्रैक पर फ्लाईओवर से नीचे एक ट्रक और मलबा गिरने से रेल यातायात बाधित रहा। हादसे के कारण लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर चलने वाली कई ट्रेनें छोटे-बड़े स्टेशनों पर खड़ी हो गईं। यात्रियों को प्लेटफार्म पर चार से छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा, जबकि नियमित यात्रियों को ट्रेन लेट होने के चलते निजी वाहनों से अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।
हादसे का असर बृहस्पतिवार सुबह तक देखने को मिला। गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर बभनान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। गरीब रथ, कुशीनगर एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, आजमगढ़ एक्सप्रेस और शहीद एक्सप्रेस सहित गोरखपुर जाने वाली अन्य ट्रेनें भी 5 से 6 घंटे देरी से चलीं।
ट्रेन से गोरखपुर की ओर जाने वाले यात्री व प्रतिदिन सुबह बस्ती, खलीलाबाद और गोरखपुर जाने वाले यात्री महेशकुमार, अमिताभ मिश्रा, अजय सिंह,रामेश्वर श्रीवास्तव, अजय जायसवाल, निर्मोही हित तमाम लोगों ने बताया कि वह सुबह कुशीनगर एक्सप्रेस पकड़ने के लिए बभनान रेलवे स्टेशन आए थे। तब उनको पता चला कि ट्रेन 4 से 5 घंटे लेट है। यात्रियों ने बताया कि प्लेटफार्म पर शुद्ध पेयजल की कमी थी।
छोटे बच्चों के लिए दूध और पानी लेने के लिए उन्हें बाजार तक दौड़ लगानी पड़ी। हालांकि, लगभग 11:30 बजे कुशीनगर एक्सप्रेस प्लेटफार्म पर पहुंची और यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस बाबत स्टेशन अधीक्षक बभनान भागीरथी प्रजापति ने बताया कि बुढ़वल में ट्रक का मलवा डाउन लाइन पर गिरने से डाउन लाइन की ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। रेल प्रशासन ने रेलवे मार्ग को जल्द बहाल कर यातायात सुचारू किया।