दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी, तीन ट्रेनें प्रभावित रहीं
बभनान/बस्ती। मालगाड़ी के कपलिंग में तकनीकी खराबी आने के कारण मंगलवार देर शाम मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। इसके चलते ट्रैक पर करीब 23 मिनट तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची इंजीनियरिंग टीम की ओर से मालगाड़ी की कपलिंग को सही कर उसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस बीच तीन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
बभनान स्टेशन के पश्चिम फूलपुर क्रॉसिंग के पास मंगलवार देर शाम 7.20 बजे गेटमैन रवि कुमार मौर्या ने अचानक सूचना दी कि 224सी पर गोंडा की तरफ से आ रही डाउन मालगाड़ी का आधा हिस्सा अलग हो गया है। स्टेशन मास्टर प्रभात रंजन सिंह ने इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल को दी। शाम 7.43 बजे कपलिंग को सही कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। उसके पश्चात 8.20 बजे दूसरी गाड़ियों का आवागमन शुरू हो सका। इस दौरान 19615 जयपुर एक्सप्रेस, 15204 बरौनी एक्सप्रेस, 12532 इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेनें प्रभावित हुईं।