रविवार तक स्थिति और सुधरने की उम्मीद, पैसेंजर समेत दो ट्रेनें हुई निरस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। गोरखपुर- लखनऊ रेलमार्ग का आवागमन लगभग सामान्य हो चला है। शुक्रवार को मोतीगंज- झिलाही स्टेशन के बीच हुए रेल हादसे के बाद चौबीस घंटे तक गोंडा से लखनऊ तक रेल संचलन ठप कर दिया गया था। शुक्रवार तक अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनों को वाया बढ़नी एवं मनकापुर से वाया अयोध्या होकर संचालित किया गया।
शनिवार से गोरखपुर-गोंडा रेल प्रखंड पर ट्रेनों का संचलन काफी हद तक सामान्य रहा। हालांकि कुछ ट्रेनों के विलंब से चलने की बात सामने आई है। जबकि गोंडा- गोरखपुर पैसेंजर और लालकुंआ स्पेशल अप को निरस्त कर दिया गया।
शनिवार से स्थिति काफी सामान्य हो गई है। अधिकांश ट्रेनों का संचलन होने लगा है। यात्री सामान्य दिनों की तरह आते- जाते हुए देखे गए। केवल दो ट्रेनें ही निरस्त हुई। इसमें गोंडा- गोरखपुर पैसेंजर और लालकुओं स्पेशल अप शामिल हैं। जबकि कुछ ट्रेनों के विलंब से चलने की वजह से यात्रियों को प्रतीक्षा करनी पड़ी।
लखनऊ-गोेरखपुर डाउन इंटरसिटी 55 मिनट विलंब से चल रही थी। वहीं नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 5.32 मिनट विलंब, गोरखपुर-पुरानी दिल्ली एक घंटे विलंब, बरौनी एक्सप्रेस अप एक घंटे विलंब, अवध आसाम डाउन एक घंटे विलंब, गुवाहाटी समर स्पेशल ढाई घंटे विलंब, दरभंगा क्लोन स्पेशल 3 घंटा विलंब से चली। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनें भी विलंब से चल रही थी।