‘जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है, यातायात नियमों का पालन करें’
- यातायात माह का डीएम व एसपी ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के शास्त्री चौक पर रविवार को डीएम आशुतोष निरंजन व एसपी हेमराज मीणा ने फीता काटकर यातायात माह का शुभारंभ किया। डीएम ने कहा कि जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि जो भी सुविधाएं सड़क पर उपलब्ध होनी चाहिए, उसे जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं।
एसपी हेमराज मीणा ने थाना प्रभारियों को चेकिंग के दौरान शालीनता के साथ लोगों से पेश आने की नसीहत दी। साथ ही यातायात नियमों के संबंध में जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित अफसरों ने कहा कि कहा कि नशा करके वाहन न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें, दो पहिया वाहन पर दोनों सवार हेलमेट लगाएं, चार पहिया वाहन में बैठे सभी लोग सीटबेल्ट लगाएं, जीवन सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना होगा। टीएसआई कामेश्वर सिंह व एएसआई अशोक कुमार सिंह ने यातायात माह नवम्बर में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सघन चेकिंग अभियान चलाकर काली फिल्म, बिना सीट बेल्ट, बाइक पर तीन सवारी, बिना हेल्मेट, नो पार्किंग व नो इंट्री का पालन न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। इस मौके पर एएसपी रवीन्द्र कुमार सिंह, सीओ सदर/ यातायात सीओ कलवारी अनिल कुमार सिंह, आरटीओ अनिल कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ अरुण प्रकाश चौबे, सक्सेरिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी श्रीवास्तव, राजन गुप्ता, अमरमणि पांडेय, सुभाष शुक्ला, जगदीश अग्रहरी, आनंद राजपाल, रोटरी क्लब अध्यक्ष डॉ. डीके गुप्ता, प्रभुप्रीत सिंह, जयंत मिश्रा व अन्य मौजूद रहे।