छह रेस्टोरेंट में 395 की जांच, जिले में अब तक मिले चुके हैं 4532 पॉजिटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में रविवार को 19 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। 38 संक्रमित लोगों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। अब जिले में 4532 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें से 4195 स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण से 88 की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या 249 है। यह जानकारी डीएम आशुतोष निरंजन ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रशासन को अब भी 1071 रिपोर्ट का इंतजार है। संक्रमितों का इलाज जवाहर लाल नेहरू नवोदय विद्यालय रुधौली, मुंडेरवा सीएचसी, ओपेक कैली अस्पताल, जिला जेल, कृष्णा मिशन अस्पताल में किया जा रहा है। क्रम संक्रमित लोगों को होम आइसोलेशन की भी सुविधा दी जा रही है। डीएम ने कहा कि होम आइसोलेशन में मरीजों की देखभाल के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की टीम लगाई गई है। रविवार को शहरी क्षेत्र के छह रेस्टोरेंट-होटलों में काम करने वालों की कोरोना जांच के लिए टीम ने 395 नमूने एकत्रित किए। ट्रू नाट की जांच में सभी कोरोना निगेटिव मिले हैं। डीएम ने बताया कि जिले में कुल 122 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इसमें सदर तहसील में 73, हर्रैया में 31, भानपुर में 12 व रुधौली में छह कंटेनमेंट जोन हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ही घर से निकलें।