मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र का किया वितरण
बस्ती। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) रामपुर बस्ती में 12 दिवसीय मोमबत्ती बनाने के प्रशिक्षण का समापन मंगलवार को हुआ। इसमें 26 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूर्ण किया। उन्हें सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने प्रमाणपत्र के साथ ही जरूरी टिप्स दिए।
25 सितंबर से चल रहे प्रशिक्षण के समापन पर सीडीओ ने प्रशिक्षुओं से मोमबत्ती बनाने के बारे में जाना एवं आरसेटी की ओर से दी जा रही सुविधाओं के बारे में जाना। आरसेटी के परिसर का निरीक्षण कर सीडीओ ने खाने की गुणवत्ता देखी। उन्होंने निदेशक को अधिक से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने और सभी लोगों को ऋण दिलाने में मदद करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने पौधे भी लगाए।
निदेशक आरसेटी बस्ती ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में कुल 1150 के लक्ष्य में अब तक 450 लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्यक्रम छह दिन से लेकर 35 दिन तक होते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षुओं को मोमबत्ती के साथ ही अगरबत्ती बनाने का भी प्रशिक्षण दिया गया, जिससे ये स्वयं का रोजगार कर आत्मनिर्भर बन सकें। इस मौके पर जिला अग्रणी बैंक के आरएन मौर्या ने प्रशिक्षुओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी के बारे में बताया। आरसेटी के धीरज राय, अखिलेश मिश्रा, मंजय सिंह, आशीष त्रिपाठी और मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।