विपक्षियों से तंग आकर की थी आत्महत्या, पांच नामजद
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के नयकापार गांव में पेड़ की डाल में लटक कर जान देने के मामले में पुलिस ने गांव के ही एक परिवार के पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि इन लोगों के लगातार परेशान करने से आजिज आकर युवक ने आत्महत्या की थी।
मृत राजेंद्र (23) के भाई ने आरोप लगाया है कि फांसी लगाने से पहले उनके भाई ने इन पांचों लोगों के नाम अपनी हथेली पर लिखे थे। नयकापार निवासी राजेंद्र का शव गांव के बाहर जामुन की डाल से लटका मिला था। गांव वालों ने शव देखकर शोर मचाया।
काफी लोग जुट गए और शव को नीचे उतारा गया। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात सबके साथ भोजन करने के बाद राजेंद्र सोने चले गए थे। पांच भाइयों में सबसे छोटे राजेंद्र का सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से लटकता शव देखा था।
तहरीर देने वाले भाई रामजी ने गांव के रामशब्द चौधरी के बेटे रमेश, पंकज, अंगद, दीपक और उसकी पत्नी विमला देवी आए दिन धक्का-मुक्की कर परेशान करते थे। उसे धमकी भी दी जाती थी। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।