फोरलेन पर हादसे में तीन लोगों की मौत, दो लोग गंभीर
बस्ती/कलवारी। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि को पटेल चौक के पास हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कलवारी थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी राम मिलन पांडेय के बेटे हरिओम का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। शनिवार को राम मिलन पांडेय, सभापति पांडेय, राजमणि पांडेय, आदित्य पांडेय और लालचंद्र कार से मेडिकल कॉलेज आए थे।
आधी रात के बाद वापसी में जैसे ही उनकी कार पटेल चौक पर पहुंची आगे चल रहे ट्राले में चालक ने ब्रेक लगा दिया। कार भी रुकी, लेकिन पीछे चल रहा ट्रक अनियंत्रित होकर कार को धकेलते हुए ट्राले में जा टकराया। ट्राला और ट्रक के बीच में कार चपटी हो गई।
हादसे में राम मिलन पांडेय (65), सभापति पांडेय (62) तथा राजमणि पांडेय (65) की मौत हो गई, जबकि आदित्य पांडेय तथा चालक लालचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।