जेल अधीक्षक, जेलर सहित तीन कोरोना संक्रमित मिले
बस्ती। जिला कारागार में कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। सोमवार को जेल अधीक्षक, जेलर और एक अन्य अधिकारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। 11 दिनों के अंदर जेल में 103 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि उनमें से 18 बंदियों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
पिछले कई दिनों से जिला कारागार में बंदियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ रही थी। इसे लेकर पूरा जेल प्रशासन परेशान हो गया था। उन्हें समझ में नहीं हा रहा था कि बंदी कोरोना संक्रमित कैसे हो जा रहे हैं। दो दिन पहले नोडल अधिकारी डॉ. अजीत कुमार कुशवाहा को निर्देश दिया कि जेल अधिकारियों व बंदी रक्षकों की भी जांच करा ली जाए। जांच हुई तो जेल अधीक्षक, जेलर व एक अन्य अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इन सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। जेल के अधिकारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके कमरों को सेनेटाइज कराया गया है। डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।
एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन ने इन तीनों लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने की पुष्टि करते हुए कहा कि अब तक जितने भी लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, उन पर नजर रखी जा रही है। बंदियों को जेल की एक बैरक में आइसोलेट किया गया है। जबकि जेल अधिकारियों को उनके आवासों में आइसोलेट किया गया है।