मुठभेड़ में पुलिस ने गोंडा के तीन बदमाशों को दबोचा
बस्ती। जिले की एसओजी और हर्रैया व छावनी थाने की पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर हर्रैया में हुई लूट व अमोढ़ा कस्बे में 13 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की गई वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी करने पर बमदशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करके भागने की कोशिश की। पुलिस ने मुठभेड़ में उन्हें दबोच लिया।
एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि मुठभेड़ में गोंडा के नवाबगंज क्षेत्र के तुलसीपुर माझा पूरे रामप्रसाद के जनार्दन यादव, गुरुसरन पुरवा के कुलदीप यादव और गोजरपुरवा के रामजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से लूट व चोरी में इस्तेमाल दो तमंचे, तीन कारतूस, बाइक के साथ 55 सौ रुपये, पासबुक, 11 मोबाइल हैंडसेट, 10 चार्जर, चाभियों का गुच्छा, ताला काटने की कैची, रॉड आदि सामान बरामद किया गया है। एसपी के मुताबिक इस गैंग ने 25 जून की देर शाम हर्रैया थाना क्षेत्र के बेदीपुर के पास सराफा व्यवसायी को कट्टा सटाकर 12 हजार नकदी, मोबाइल फोन लूट लिया था। इसी गिरोह ने छावनी थाना क्षेत्र के अमोढ़ा कस्बे में 27 जून की रात 13 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, अमोढ़ा की घटना में इन तीनों के अलावा मोहित उर्फ पूजन व अप्पू यादव भी शामिल थे। इनके खिलाफ गोंडा के नवाबगंज, बस्ती के परसरामपुर, छावनी, हर्रैया में हत्या के प्रयास, लूट व चोरी के मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी सर्वेश राय, थाना प्रभारी हर्रैया मृत्युंजय पाठक, थाना प्रभारी छावनी सौदागर राय, सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।