बस्ती। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन के तहत 7 दिसंबर 24 से मार्च 2025 तक चलाए गए 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान में योगदान देने डाॅक्टर, स्वास्थ्य कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मंगलवार को सम्मानित किए गए। एएनएम टीसी में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने प्रशस्ति पत्र देकर उत्कृष्ट योगदान देने वालों की सराहना की।
सीएमओ ने कहा कि प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल होना बस्ती के लिए गौरव की बात है। यह सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं समाज सजग प्रहरियों के मेहनत का परिणाम है। आगे भी जनपद को टीबी मुक्त बनाए रखने में इसी तरह सभी लोगों का महत्वपूर्ण योगदान मिलता रहे। जिले में 222 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है।
सीएमओ ने कहा कि टीबी का इलाज पूर्णतया संभव है। इससे घबराने की नहीं, बल्कि लोगो को जागरूक करने की आवश्यकता है। डीटीओ डॉ. एके गुप्ता ने कहा कि जिले में 30 लाख आबादी को लक्ष्य बनाकर कार्य हो रहा है।
दो सीबी नॉट साइट तथा सात टूनाट साइट के अलावा सभी सीएचसी पर एक्स-रे की भी सुविधा है। अभियान में आशा, एएनएम, सीएचओ, चिकित्सक, एलटी, एक्स-रे टेक्नीशियन आदि ने सहयोग किया। डिप्टी आरटीपीएमओ डॉ. एएन त्रिगुण, डीपीसी अखिलेश चतुर्वेदी, डीपीटीसी संदीप कुमार, एसटीएस राहुल श्रीवास्तव आदि रहे। संवाद