बस्ती। सनातन धर्म संस्था की ओर से सक्सेरिया इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सातवें श्रीरामलीला महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को जनक प्रतिज्ञा, धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, परशुराम-लक्ष्मण संवाद, श्रीराम-सीता विवाह और विदाई प्रसंग का मंचन किया गया। बाल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
लीला की शुरुआत श्रीराम दरबार की आरती और रामस्तुति से हुई। गन्ना विकास इंटर कॉलेज के बच्चों ने सीता स्वयंवर और धनुष भंग का मंचन किया। रावण-वाणासुर संवाद और लक्ष्मण-जनक संवाद को दर्शकों ने खूब सराहा। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम ने जैसे ही शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई, धनुष टूट गया और पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद बच्चों ने परशुराम-लक्ष्मण संवाद, राम-सीता विवाह, कलेवा और विदाई के प्रसंगों का मंचन किया। परशुराम और लक्ष्मण के बीच तीखे संवाद ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। वहीं सीता की विदाई के समय माता सुनैना की सीख और राजा जनक के भावुक निवेदन ने लोगों की आंखें नम कर दीं। विवाह के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उत्सव मनाया। पंडाल दर्शकों से भरा रहा। संस्था की ओर से बारातियों और दर्शकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
इस दौरान अभिषेक शर्मा, शिखा मिश्रा, संतोष श्रीवास्तव, राजेश कुमार श्रीवास्तव, संजय उपाध्याय, अंशू उपाध्याय, प्रेमशंकर ओझा, सिद्धार्थ शंकर मिश्र, रमेश पाल सिंह, कैलाश नाथ दूबे, डॉ. शैलेष सिंह, डॉ. शैलजा राजपूत, अंकुर यादव, अनुराग शुक्ल, मनीष सिंह, अतुल चित्रगुप्त मौजूद रहे।