संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। बस्ती मंडल के लिए शासन से गेहूं खरीद के लिए नामित नोडल अधिकारी/एमडी पैक्सफेड वीके सिंह ने क्रय केंद्र बी पैक्स उभाई का निरीक्षण किया। केंद्र पर किसान राजाराम ग्राम देवनाथपुर का गेहूं तौल हो रहा था।
केंद्र पर अब तक 17 किसानों ने 513 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। केंद्र प्रभारी चंद्रशेखर उपाध्याय ने बताया कि सरकारी रेट 24 रुपये है। इसमें गेहूं की साफ-सफाई व नमी भी देखी जाती है। वहीं आढ़ती 25 सौ रुपये के रेट से घर पर जा कर गेहूं खरीद रहे हैं। इसलिए किसान आढ़तियों को गेहूं बेच रहे हैं।
नोडल अधिकारी ने खाद्य विभाग के अफसरों को गेहूं खरीद में तेजी लाने की हिदायत दी। नोडल अधिकारी ने बोरा, नमी मापक यंत्र, डस्टर मशीन, बैनर व किसान संपर्क रजिस्टर देखा।
संभागीय खाद्य नियंत्रक को निर्देश दिए कि किसानों से अधिक से अधिक संपर्क कर प्रतिदिन गांव वार रोस्टर बना कर गेहूं खरीदें। संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक अशोक कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक आशीष श्रीवास्तव, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता विजय वर्मा, किसान रामपाल, विनोद, सागर निषाद, करिया आदि उपस्थित रहे।