टूट रहा ‘वाई-फाई चौपाल’ का सपना
74 ग्राम पंचायतों में बिछाई गई थी ऑप्टिकल फाइबर केबल
तकनीकी खामी के बावजूद नहीं बदली गई ओएलटी मशीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सल्टौआ। जिम्मेदारों के अनदेखी के चलते ग्राम पंचायतों में वाई-फाई चौपाल का सपना शुरुआती दौर में ही टूट रहा है। केंद्र सरकार की ओर से सालभर पहले ब्लॉक क्षेत्र की सभी 74 ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर केबल से जोड़ा गया था। कुछ दिन तक यह व्यवस्था ठीक चली लेकिन अब यह ग्राम पंचायतों के लिए सिरदर्द साबित हो रही है।
ऑप्टिकल फाइबर केबल से प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, वीएलई सेंटर, उचित दर विक्रेता की दुकानें जोड़ी गई थीं। इसके अलावा ग्रामीणों को भी फ्री इंटरनेट दिया जा रहा था। कुछ दिन लोगों ने इसका भरपूर उपयोग किया। फिर धीरे-धीरे स्पीड कम होने लगी और ओएलटी मशीन में तकनीकी खामी आ गई। मशीन का रिप्लेस किया जाना था लेकिन अभी तक वैसे ही पड़ी है। वर्तमान में सभी ग्राम पंचायतों में फ्री इंटरनेट व्यवस्था ठप हो गई। सीएससी संचालक बाबूराम यादव, राजकपूर, दिनेश दुबे, संतोष कुमार, अब्दुल खालिक, सुशील कुमार शुक्ल, आंनद त्रिपाठी, संतोष तिवारी आदि ने बताया कि यही हाल रहा तो रोजी-रोटी पर संकट छा जाएगा। कलस्टर मैनेजर रामप्रकाश और नसीब अली ने बताया बैटरी बैकअप नहीं होने के कारण बीबीएनएल की ओएलटी मशीन बंद हो गई है। इसी कारण समस्या आ रही है, जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।