मुंडेरवा। स्थानीय चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ रविवार को किया गया। इस दौरान मिल के ब्वाॅयलर का विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया। अतिथियों एवं मिल के अधिकारियों ने पुष्प, दूब, बिल्व पत्र और धूप, कपूर, अगरबत्ती, नारियल, मिष्ठान आदि का श्रद्धाभाव से चढ़ावा चढ़ाया।
सुबह 10 बजे शुभ मुहूर्त में पं. चंद्रेश्वर दुबे ने पूजन- अर्चन कराया। मिल के प्रधान प्रबंधक महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने पूजन कर ब्वाॅलर में आग डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि 20-25 दिन तक मिल में स्टीम बनना प्रारंभ हो जाएगी। इसके बाद गन्ना पेराई का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर तक डोंगा पूजन का कार्य होगा। मिल की तरफ से किसानों को हर सुविधा प्रदान की जाएगी। तौल केंद्रों पर समय से गन्ने का उठान, तौल, पर्ची वितरण सभी सुनिश्चित किया जाएगा।
गन्ना समितियों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक गन्ने की पेराई की जाएगी। इस मौके पर संदीप खरे, जयदेव त्यागी, आरएस पांडेय, रवि मल्ल, धीरेंद्र प्रजापति, अरविंद श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश दूबे आदि मौजूद रहे। संवाद