बस्ती। नेशनल इंटर कॉलेज, हर्रैया में तैनात शिक्षक चंद्रशेखर सिंह के 14.38 लाख रुपये बकाया देयक का मामला शनिवार को हाई प्रोफाइल बन गया।
न्यायालय के आदेश पर डीआईओएस कार्यालय और परिसर में दिन भर नीलामी की प्रक्रिया चली। इसमें कुल सात लोगों ने भाग लिया, जिनमें से पांच ने बोली लगाई। नीलामी प्रक्रिया तत्काल एक चौथाई धनराशि जमा न होने के कारण पूरी नहीं हो सकी। डीआईओएस उदयभान वर्मा ने बताया कि बोली लगाने वालों के निर्धारित राशि न जमा करने के कारण नीलामी स्थगित कर दी गई है।
प्रकरण से जिला मजिस्ट्रेट और विभाग के उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।स्थानीय न्यायालय ने शिक्षक चंद्रशेखर के पक्ष में बकाया राशि के भुगतान का आदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग को दिया था। यह प्रकरण लगभग एक साल से लंबित था।
भुगतान न होने पर न्यायालय ने डीआईओएस कार्यालय पर कुर्की का नोटिस चस्पा कराया था। शनिवार को न्यायालय के अमीन पूरी टीम के साथ डीआईओएस कार्यालय पहुंचे और बोली लगाने वाले भी उपस्थित रहे। कार्यालय में नीलामी के दौरान हड़कंप मच गया।