बस्ती। विभागीय सीएमएसडी (केंद्रीय औषधि भंडार) में तैनात चीफ फार्मासिस्ट अजय मिश्रा के कथित फर्जी हस्ताक्षर के प्रकरण की जांच फिर से तीन सदस्यीय कमेटी करेगी। आरोप है कि सीएमएसडी से होने वाले सामान के निकासी बाउचर पर चीफ फार्मासिस्ट की जगह एक वार्ड ब्वॉय ने हस्ताक्षर बनाया है। दोबारा हुई शिकायत पर निदेशक के निर्देश पर एडी हेल्थ ने सीएमओ से जांच कर आख्या मांगी है।
बता दें कि तत्कालीन सीएमओ डॉ. आरएस दूबे ने 15 मई 2024 को सीएमएसडी की जांच के उपरांत इसकी पुष्टि अपनी निरीक्षण आख्या में की थी। इस बात की शिकायत शासन स्तर पर होने के बाद निदेशक पैरामेडिकल चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश ने अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बस्ती मंडल को पत्र लिखकर कार्रवाई से अवगत कराने को कहा है। अपर निदेशक डॉ. नीरज पांडेय ने सीएमओ को पत्र लिखकर आख्या तलब की है।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. ब्रजेश शुक्ल, डॉ. एके चौधरी और डॉ. एसबी सिंह की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम की रिपोर्ट अभी मिली नहीं है।