बस्ती। कटेश्वर पार्क के पास करीब डेढ़ दशक पहले जिस बहुमंजिला भवन का निर्माण नगरीय क्षेत्र के जर्जर और किराये के भवनों में संचालित परिषदीय विद्यालयों को शिफ्ट करने के लिए कराया गया था अब उसका इस्तेमाल एडी बेसिक कार्यालय के लिए हो रहा है। शहरी क्षेत्र में आज भी 29 परिषदीय विद्यालय किराये के भवनों में संचालित हैं। इसके बावजूद इन विद्यालयों को बहुमंजिला भवन में स्थानांतरित नहीं किया गया।
जिले में करीब डेढ़ दशक पहले दो बहुमंजिला भवनों के निर्माण की स्वीकृति मिली थी। इनमें एक कटेश्वर पार्क और दूसरा बीएसए कार्यालय के पीछे बनाया गया। सरकार की मंशा थी कि नगरीय क्षेत्र में जर्जर भवनों और किराये के मकानों में चल रहे विद्यालयों को इन भवनों में संचालित किया जाए। इसी के अनुरूप भवन में कक्ष और कार्यालय के लिए कमरे बनाए गए हैं। भूतल और प्रथम तल का निर्माण कराया गया है।
निर्माण पूरा होने के बाद वर्ष 2015 से 2019 तक कटेश्वर पार्क स्थित भवन में मूकबधिर, दृष्टिबाधित और नेत्रहीन बच्चों के लिए कैंप संचालित हुआ। यहां बच्चों के पढ़ने के साथ रात्रि विश्राम और भोजन की भी व्यवस्था थी। चार एजुकेटर, दो केयरटेकर समेत अन्य कर्मचारी तैनात थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2019 में शासन ने मूकबधिरों का एक्सीलरेटेड लर्निंग कैंप बंद कर दिया। इसके बाद भवन का उपयोग नहीं हो रहा था।
वर्ष 2023 में इस भवन में एडी बेसिक कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया गया। हालांकि, नगरीय क्षेत्र में किराये के भवनों में चल रहे विद्यालयों और जर्जर भवनों में संचालित विद्यालयों को यहां स्थानांतरित नहीं किया गया। इससे भवन के मूल उद्देश्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
एडी बेसिक कार्यालय के लिए भूमि आवंटित नहीं
जिले में एडी बेसिक कार्यालय के लिए अलग से भूमि आवंटित नहीं है। ऐसे में स्थायी कार्यालय का निर्माण नहीं हो सका है। एडी बेसिक संजय शुक्ल के पास डायट प्राचार्य का भी चार्ज है। ऐसे में वह अधिकांश समय डायट कार्यालय में ही रहते हैं। कटेश्वर पार्क स्थित भवन में कार्यालय स्थापित होने के बावजूद यहां उनका नियमित बैठना कम ही होता है।
बीएसए कार्यालय के पीछे बने भवन में दो विद्यालय
बीएसए कार्यालय के पीछे बने बहुउद्देशीय भवन में रौता पार और गांधीनगर के परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। यहां विद्यालय संचालित होने से भवन निर्माण के उद्देश्य का उपयोग हो रहा है।
कार्यालय के सामने विद्यालय परिसर में उगी घास
कटेश्वर पार्क स्थित बहुमंजिला भवन में एडी बेसिक कार्यालय के ठीक सामने कंपोजिट आदर्श कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय है। विद्यालय परिसर में जगह-जगह घास-फूस उगी है। झूलों के आसपास भी झाड़ियां और घास उगी हुई है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। परिसर की सफाई नहीं होने से विषैले जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा भी बना रहता है।
जिस भवन में एडी बेसिक कार्यालय चल रहा है, वह विभागीय भवन है और खाली पड़ा था। इसलिए उसमें कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया गया। आगे उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- संजय शुक्ल, एडी बेसिक/प्राचार्य, डायट बस्ती