अब जिला अस्पताल में टेली कंसल्टेशन कर सकेंगे मरीज
बस्ती। कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर अंकुश के लिए गाइडलाइन पालन के मद्देनजर प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा सजग है। कोरोना सतर्कता के तहत अब जिला अस्पताल प्रशासन ने सामान्य बीमारी में भी बेवजह अस्पताल पहुंच कर भीड़ का हिस्सा बनने से लोगों को बचाने के लिए टेली कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इस योजना में 24 चिकित्सक शामिल किए गए हैं। प्रथम दृष्ट्या चिकित्सकों के नाम की सूची जिला प्रशासन को भेजी गई है।
हर दिन कोरोना के औसतन पचास से अधिक केस सामने आ रहे हैं। इन स्थितियों को लेकर जहां शासन चिंतित है वहीं प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के लिए यह चुनौती बन गई है। नतीजतन इससे निपटने के लिए जहां तमाम तैयारियां कर ली हैं। बेड से लेकर ऑक्सीजन तक की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। चार अस्पतालों को लेवल वन तथा ओपेक चिकित्सालय कैली को लेवल टू का अस्पताल घोषित किया जा चुका है। यहां बच्चों के लिए पीआईसीयू भी तैयार रखा गया है, जबकि तीन मिनी पीआईसीयू जिले के तीन स्थानों पर तैयार किए गए हैं।
पूरा तंत्र टीकाकरण व कोरोना संक्रमण की चुनौती के इर्द-गिर्द घूम रहा है। इसी कड़ी में शासन अस्पतालों व सड़क पर निकलने वाली भीड़ को नियंत्रित करने की योजना के तहत जिला अस्पताल में टेली कंसल्टेंट की सुविधा शुरू कराने को मंजूरी दी है। अस्पताल के विभिन्न क्षेत्र की विशिष्टता वाले 24 चिकित्सक इसे संचालित करेंगे। ओपीडी के समय इनसे फोन व मोबाइल पर सामान्य मरीज चिकित्सा सुझाव ले सकेंगे।
एसआईसी डॉ. आलोक कुमार वर्मा ने कहा कि टेली कंसल्टेंट के लिए व्यवस्था बनाई गई है। एक दो दिन में इसे शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए चयनित चिकित्सकों के मोबाइल नंबर व टेलीफोन नंबर प्रशासन को दिए जाएंगे। इन्हीं नंबरों पर चिकित्सकों से सुझाव लिया जा सकेगा।