वाटरटैंक के पास मिला किशोरी का शव
घर से करीब एक किलोमीटर दूर मिली लाश
बहादुरपुर गांव की निवासी के रूप में हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थानाक्षेत्र के पाल्हा गांव के बाहर स्थित पानी की टंकी के बाउंड्रीवाल के पास संदिग्ध हालात में एक 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस अधीक्षक, एएसपी, सीओ कलवारी और थाना प्रभारी नगर मौके पर पहुंच गए।
एसपी ने बताया कि किशोरी की पहचान लालगंज थानाक्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी अर्चना के रूप में की गई। परिवारवालों की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्घ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रथम दृष्ट्या पता नहीं चल रहा है कि किशोरी की हत्या क्यों और कैसे की गई। कुछ लोगों में यह भी चर्चा है कि पानी की टंकी के ऊपर से गिरने से उसकी मौत हुई होगी लेकिन शव की हालत देखकर इसके कोई संकेत नहीं मिले। एसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम तीन डाक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से तमाम नमूने लिए हैं। शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे लालगंज थानाक्षेत्र के बहादुरपुर शुक्ल गांव निवासी 16 वर्षीय अर्चना अपने घर से किसी काम से निकली थी। घर से करीब एक किलोमीटर दूर लगभग दस बजे गांव के लड़कों ने पानी टंकी के नीचे शव देखकर शोर मचाया। जिसके बाद आसपास के तमाम लोग जुट गए। भीड़ देखकर पहुंचे पिंटू नाम के लड़के ने अपनी बहन के रूप में पहचान की। अर्चना की मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह सी चर्चाएं होने लगीं। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं
रहस्यमय तरीके से किशोरी की हत्या को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। गांव से दूर सुनसान इलाके में उसका शव मिलने से लोग सकते में हैं। फोरेंसिक टीम के शुरुआती छानबीन के बाद पुलिस को घटना के संबंध में काफी कुछ पता चल चुका है लेकिन अधिकारी मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं। इतना तो तय है कि किशोरी की मौत सांस अवरुद्ध होने की वजह से हुई है। ऐसे में या तो उसकी गला दबा कर हत्या की गई या मुंह और नाक दबाया गया।