बस्ती। जनगणना ड्यूटी करने वाले सदर तहसील के चार शिक्षकों का पारिश्रमिक दूसरे खातों में चले जाने का मामला सामने आने के बाद तहसील प्रशासन ने धनराशि वापस करा दी। शिक्षकों ने पैसा मिलने पर राहत जताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
जिले में प्रथम चरण की जनगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को 10,200 रुपये पारिश्रमिक का भुगतान किया जाना था। सदर तहसील के कुदरहा ब्लॉक के चार शिक्षकों के भुगतान की जानकारी लेने पर उन्हें बताया गया कि धनराशि जारी हो चुकी है। शिक्षकों ने अपने बैंक खाते जांचे तो भुगतान नहीं मिला। खाता मिलान कराने पर पता चला कि पारिश्रमिक दूसरे खातों में चला गया था।
विद्यालय डेफरी के प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसई बाबू के सहायक अध्यापक राजेश यादव, प्राथमिक विद्यालय मरवटिया के राम प्रकाश और उच्च प्राथमिक विद्यालय बानपुर के शिक्षक विनोद कुमार का भुगतान गलत खातों में चला गया था। शिक्षकों ने इसकी जानकारी तहसील प्रशासन को दी। इसके बाद प्रशासन ने प्रक्रिया पूरी कर धनराशि उनके खातों में वापस करा दी।
शिक्षक संघ ने उठाया था मामला
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने शिक्षकों के पारिश्रमिक का भुगतान उनके खातों में कराने की मांग को लेकर अधिकारियों से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि तहसील प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की, जिसके बाद चारों शिक्षकों का पारिश्रमिक वापस मिल गया।