बनकटी। विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बनकटी के ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक मुख्यालय पर बैठक की। इसके बाद प्रधानों ने आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ला को सौंपा।
प्रधानों ने मनरेगा के तहत कराए गए पक्के कार्यों का भुगतान कराने और वीबीजी रामजी योजना के तहत पक्के कार्यों की तीन माह से बाधित आईडी चालू कराने की मांग की। पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करने में आ रही समस्या का समाधान कराने की भी मांग रखी गई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आवेदन के बावजूद लाभार्थियों के खातों में धनराशि नहीं पहुंचने का मुद्दा भी उठाया गया।
इसके अलावा राज्य वित्त एवं 15वें वित्त आयोग के कार्यों को स्वीकृति देने, अप्रैल से अब तक कराए गए कच्चे कार्यों के सापेक्ष पक्के कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने तथा ग्राम पंचायतों की सड़कों की पटरियों पर उगी झाड़-झंखाड़ की सफाई के लिए कार्यों को मंजूरी देने की मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में अनुपमा त्रिपाठी, पार्वती देवी, अवधेश कुमार चौधरी, राजेंद्र प्रसाद चौधरी, सुरेंद्र प्रसाद, बबलू दुबे, निष्ठा शुक्ला, रेखा यादव, धीरज कुमार, रामकिशुन चौधरी, परशुराम यादव, संजय कुमार चौधरी और आरती देवी आदि शामिल रहे।