वाणिज्य कर विभाग का छापा, पकड़ी गई 25 लाख की टैक्स चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। वाणिज्य कर विभाग के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 राज्य कर गोरखपुर जोन सुनील राय के निर्देश पर करापवंचन विरोधी अभियान के अंतर्गत सेल्स टैक्स स्टार होजरी, अस्पताल रोड पर छापा मारा गया। इस दौरान करीब 25 लाख टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है। टीम ने दुकान स्वामी से मौके पर पंद्रह लाख रुपये जमा कराए हैं।
सेल्स टैक्स के एडिशनल कमिश्नर विशेष अनुसंधान शाखा राजेश सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर पीयूष सिंह तथा डिप्टी कमिश्नर श्याम नारायण के नेतृत्व में टीम ने स्टार होजरी पर सुबह 11 बजेे औचक दबिश दी।
जिले के वाणिज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त विकास द्विवेदी के अनुसार बाहर के जिलों में आपूर्ति के लिए प्रयुक्त ई- वे बिल आदि के आधार पर डाटा जांच करने पर प्रथम दृष्टया पाया गया कि फर्म ने वर्ष 2017-18 से 2021-22 तक पांच वर्ष में लगभग 49 करोड़ रुपये की बिक्री की है लेकिन कोई टैक्स नहीं जमा किया है। सभी कर का समायोजन केवल आईटीसी से किया गया है। इस ट्रेड में रेडीमेड गार्मेंट्स दस फीसदी व उससे अधिक का वैल्यू एडिशन होता है। जिसे ध्यान में रखते हुए स्पष्ट हुआ कि व्यापारी की दुकान में लगभग छह से सात करोड का स्टॉक होना चाहिए। गोपनीय जांच के आधार पर पाया गया कि व्यापारी के पास इतना स्टाक नहीं है जिसके कारण एसआईबी (स्पेेशल इंटेलीजेंस ब्यूरो) ने जांच की। इसी आधार पर कार्रवाई की गई है। द्विवेदी ने बताया कि एसआईबी जांच में दुकान में लगभग 6.75 करोड़ का स्टाक होना था, मगर दुकान में केवल 1.75 करोड़ का स्टॉक पाया गया। यानी पांच करोड़ रुपये का माल गायब था जो दुकान स्वामी ने बेंच दिया था, लेकिन उसे अभिलेखों में घोषित नहीं किया गया है और न ही इसका कोई टैक्स जमा किया गया है। जांच के समय खरीद/बिक्री के लूज परचे व अभिलेख सीज किये गए हैं। कोई स्टॉक रजिस्टर भी दुकान में नहीं मिला। द्विवेदी ने बताया कि व्यापारी पर सेल्स टैक्स अधिनियम के अनुसार जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से पंद्रह लाख जमा करा लिया गया है। शेष जो भी सेल्स टैक्स बनेगा उसे अभिलेखीय सत्यापन के बाद व्यापारी को जमा करना होगा।