पुरानी बस्ती क्षेत्र के पॉलिटेक्निक-गौरा मार्ग पर हुआ हादसा
दूसरी साइकिल से जा रही काजल सहेती की मौत देख हुई बेहोश
धमौरा की रूबी स्नातक की थी छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पॉलिटेक्निक-गौरा मार्ग पर खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला के सामने सोमवार की सुबह साइकिल से कंप्यूटर सेंटर जा रही छात्रा को गिट्टी लदे ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर लेकर चालक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की शिनाख्त धमौरा निवासी रूबी (18) के रूप में की।
जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के धमौरा की रहने वाली स्नातक छात्रा रूबी सुर्तीहट्टा स्थित एक सेंटर पर कंप्यूटर कोर्स कर रही थी। सोमवार की सुबह गांव की काजल के साथ अलग-अलग साइकिल से दोनों कंप्यूटर सेंटर जाने के लिए घर से निकली थीं। पॉलिटेक्निक-गौरा मार्ग पर पीछे से आए एक ट्रेलर ने रूबी को चपेट में ले लिया।
टायर के नीचे आने की वजह से रूबी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी साइकिल पर सवार काजल आंखों के सामने सहेली की मौत देख बेहोश हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ट्रेलर की खोजबीन शुरू कर दी है।