छात्रा राबिया ने संभाली एक दिन के लिए हर्रैया थाने की कमान
- फोटो : Archive
हर्रैया। बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें कानून, सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत हर्रैया पुलिस ने अनूठी पहल की। पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुआपार की छात्रा राबिया खातून को सांकेतिक रूप से एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली समझी और थाना प्रभारी के दायित्वों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को कानून-व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं, साइबर अपराध से बचाव और यातायात सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। साथ ही पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, मानव तस्करी और नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक किया। छात्राओं को मोबाइल के सुरक्षित इस्तेमाल, नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। जागरूकता सत्र के बाद छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराया गया। उन्होंने थाना प्रभारी कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, आईजीआरएस डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, जनरल डायरी (जीडी) कार्यालय और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली देखी। इसके अलावा महिला और पुरुष बंदीगृह के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य डॉ. श्रीनारायण मिश्र, शैलेश कुमार, वंशीधर, अभय कुमार सिंह और प्रदीप कुमार गुप्ता मौजूद रहे।