कानपुर में गंगा में नहाते वक्त बहादुरपुर का छात्र लापता
बहादुरपुर (बस्ती)। कानपुर में मेडिकल की तैयारी करने गए बहादुरपुर निवासी 22 वर्षीय अनूप सोमवार को गंगा नदी में नहाते वक्त लापता हो गया। दोस्तों के साथ अटल घाट पर गंगा स्नान करते समय पैर फिसलने से वह तेज धारा में चला गया। सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। लोग कानपुर के लिए रवाना हो गए।
कलवारी थानाक्षेत्र के बहादुरपुर निवासी अनूप के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार शाम को दोस्त संजय निषाद निवासी गोरखपुर एवं देवरिया के निवासी आदर्श के साथ गंगा नदी के अटल घाट पर बेटा नहाने गया था। तीनों एक साथ नदी में उतरे और अचानक डूबने लगे। शोर मचाने पर आसपास के तैराकों ने संजय और आदर्श को बचा लिया। मगर बहाव तेज होने के कारण अनूप नदी की धारा में लापता हो गया।