वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर (चौरवा) के पास बस्ती से कोचिंग पढ़कर घर जाते समय ईंट लदी ट्रैक्टर के चपेट में आकर 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर बड़ी संख्या में जमा हो गए। नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर फरार ट्रैक्टर की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही मौके पर क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर विनय चौहान, थाना प्रभारी वाल्टरगंज व चौकी इंचार्ज गणेशपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया है।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर पुरवा (बड़ेवन) निवासी 24 वर्षीय रामजीत चौधरी पुत्र स्व. बाबू राम चौधरी शनिवार की सुबह मोटरसाइकिल लेकर बस्ती कोचिंग पढ़ने गया था। कोचिंग पढ़कर वापस घर जा रहा था। अभी वह वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर (चौरवा) के पास पहुंचा ही था कि तभी ईंट लादकर जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया।
इससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा होकर रास्ते पर ही धरने पर बैठ गए और फरार ट्रैक्टर चालक के गिरफ्तारी की मांग करने लगे।