नगर बाजार (बस्ती)। एसपी अभिनंदन ने मंगलवार को नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत करहली पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
एसपी ने कहा कि इस चौकी की स्थापना से आसपास के लगभग 50 गांवों की जनता को सुरक्षा की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में उनके आगमन पर क्षेत्र के वरिष्ठ ग्राम प्रधानों ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी व थानाध्यक्ष नगर देवेंद्र सिंह ने भी पौध रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विलंब से पहुंचने पर एसपी ने वहां उपस्थित आम जनता से क्षमा मांगते हुए उनका आभार जताया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने नगर थाने पर बन रहे पिंक बूथ का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संवाद