ट्रक की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत
- कोतवाली क्षेत्र के बड़ेवन फ्लाई ओवर के सर्विस रोड पर हुई दुर्घटना
- पैकोलिया थाने के इमलियाधीश गांव के रहने वाले थे पिता-पुत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर कोतवाली के बड़ेवन फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर मंगलवार को दिन में करीब साढ़े 11 बजे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार पिता पुत्र की मौत हो गई। ट्रक के नीचे फंसे पिता-पुत्र के शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाद में पुलिस ने क्रेन मंगाकर बाइक को ट्रक के नीचे से बाहर निकलवाया। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पैकोलिया थाने के इमलियाधीश निवासी रामललित मिश्रा (60) और उनके बेटे सतीश चन्द्र मिश्रा (35) जमीन देखने मंगलवार को बाइक से शहर आ रहे थे। मूड़घाट से बड़ेवन जाने वाले सर्विस रोड पर पीछे से आए ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। कोतवाल शिवाकांत मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में शव की पहचान की गई। पैकोलिया पुलिस के जरिये घटना की सूचना परिवार वालों को दी गई। बाद में पहुंचे परिवार वालों व रिश्तेदारों की दशा देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। कोतवाल ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार हो गया, उसका पता लगाया जा रहा है।