फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: टोल प्लाजा के पास लावारिस मिला छह क्विंटल खोआ

विज्ञापन
बरामद मिलावटी खोआ को नष्ट कराने ले जाते कर्मी स्रोत विभाग - फोटो : जिला अस्पताल में भर्ती घायल करन।
विज्ञापन
बस्ती। होली से पहले बड़ी मात्रा में धंधेबाज बाजार में घटिया और मिलावटी सामान खपाने की तैयारी में है। कहीं पर घटिया खाद्य तेल बेचने की तैयारी है तो कहीं-कहीं पर मिलावटी खोआ व पनीर का धंधा चमकाने का खेल चल रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बृहस्पतिवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की, इस दौरान टोल प्लाजा के पास से लावारिस हालत में छह क्विंटल मिलावटी खोआ बरामद किया, वहीं, एक नमूना पनीर का भी लिया।
विज्ञापन

शहर के मड़वानगर टोल प्लाजा के पास छह क्विंटल खोआ मिलने पर खलबली मच गई। विभाग ने बरामद खोआ को जब्त करते हुए पॉलिटेक्निक के पास गड्ढा खोदकर नष्ट कराया। जिला अभिहित अधिकारी चितरंजन कुमार सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा के पास गंदे कपड़े में लिपटा खोआ लावारिस हालत में मिला। जांच में पाया गया कि यह खाने लायक नहीं है, प्रारंभिक जांच कराई गई, तो रिफाइंड मिला। इसके बाद उसे नष्ट कराने का निर्णय लिया गया।
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार और इंद्रेश कुमार शामिल रहे। बताया कि सूचना पर टीम वहां पहुंची थी। गंदे कपड़े में खोआ था, कोई कागजात न मिलने पर उसे लावारिस घोषित करते हुए जब्त कर लिया गया। वहीं, जानकारों का कहना है कि कानपुर से पिकअप और अन्य वाहनों से रात में यह मिलावटी खोआ बस्ती पहुंच रहा है। सबसे मुफीद जगह बड़ेवन के आसपास धंधेबाजों ने ढूंढ़ निकाला है।
विज्ञापन

यहां चुपके से गट्ठर उतार दिया जाता है। उसके बाद बिचौलिए धीरे से गट्ठर उठा ले जाते हैं। उसके बाद बाजार में उपलब्ध करा दिया जाता है। विशेषज्ञों ने बताया कि अगर खोआ का स्वाद बदल रहा है या उसमें गंध आ रही है तो उसमें मिलावट है। वहीं, रोडवेज स्थित एक दुकान से पनीर का नमूना लिया गया। जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी।
-
अब तक साढ़े 17 क्विंटल खोआ कराया जा चुका नष्ट
होली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अब तक बरामद कर चुका लावारिस साढ़े 17 क्विंटल खोआ को कोई वारिस न मिलने पर नष्ट करवा दिया है। एक सप्ताह से मिलावटी खोआ मिलने का सिलसिला जारी है। इससे पहले छह क्विंटल और साढ़े पांच क्विंटल खोआ विभाग बरामद कर चुका है। वहीं, बृहस्पतिवार को भी छह क्विंटल खोआ मिला।

रोडवेज बस को चिह्नित नहीं कर पा रहे जिम्मेदार
अभी तक जनपद में बरामद खोआ कानपुर का ही बताया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग 20 फरवरी को बड़ेवन ओवरब्रिज के पास से छह क्विंटल खोआ लावारिस बरामद किया था। जांच में रिफाइंड मिला था। सूत्रों ने बताया था कि खोआ बस से उतारकर चालक भाग गया था। वहीं, 21 फरवरी को भी विभागीय अधिकारियों ने इसी स्थान से साढ़े पांच क्विंटल खोआ बरामद किया था। यह भी खोआ लावारिस बताया गया। प्रारंभिक जांच में रिफाइंड मिले होने की पुष्टि हुई थी। लोगों ने बताया था कि रात में ही बस के जरिये यहां खोआ उतारकर धंधेबाज चिह्नित ठिकाने पर इसे पहुंचाते हैं। लेकिन मुखबिर इतने सक्रिय हैं कि टीम के आने से पहले उसे छोड़कर फरार हो जाते हैं, इससे वह कार्रवाई से बच निकलते हैं। अभी तक रोडवेज के जिम्मेदार भी यह नहीं चिह्नित कर पा रहे हैं कि किस बस से खोआ आ रहा है।

-
मिलावटी सामग्री से लिवर पर सबसे ज्यादा असर

जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. विजय तिवारी का कहना है कि मिलावटी खाद्य सामग्री का सेवन करने से सबसे ज्यादा नुकसान लिवर पर होता है। किडनी भी प्रभावित करता है। लिवर के संक्रमित होने का खतरा बढ़ जाता है। कई मामलों में किडनी भी प्रभावित हो जाती है। ऐसे में चाहिए कि जहां तक संभव हो ब्रांडेड या विश्वसनीय दुकान से ही सामान खरीदें और खुले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।
-
ऐसे करें असली खोआ की पहचान

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय श्रीवास्तव का कहना है कि अगर खोआ से दुर्गंध आ रही है, तो वह खराब है। इसे बिल्कुल न खरीदें। इसके लिए खोआ को हथेली पर रखकर गोली बनाएं। अगर गोली एकदम चिकनी है तो खोआ ठीक होगा। साथ ही खोआ को हथेली पर रखकर कुछ देर तक मसलें। इससे शुद्ध देसी घी की सुगंध आएगी। खोआ को गर्म करें और उस पर एक बूंद आयोडीन टिंचर डालें। अगर खोआ का रंग नीला हो जाए तो समझ लें कि उसमें मिलावट है।
-
टीम के सक्रिय होते ही पैतरा बदल रहे धंधेबाज

कानपुर, जरवल रोड, अयोध्या व नवाबगंज से मिलावटी खोआ मंगवाने वाले धंधेबाज खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम के सक्रिय होते ही वह अपना पैतरा भी बदलने लगे हैं। कभी बड़ेवन को मुफीद जगह मानने वाले मिलावटखोर अब टोल प्लाजा के आसपास खोआ गट्ठर मंगवा रहे हैं। हालांकि, यहां भी टीम पहुंच गई है, बताया गया कि अब अगले कदम की तैयारी में धंधेबाज जुट गए हैं।
-

कोट

बाहरी खोआ पर टीम की नजर है। ऐसे धंधेबाज जो इस गलत कार्य में संलिप्त हैं उन्हें भी चिह्नित किया जाएगा। रोडवेज से भी समन्वयक बनाकर कार्रवाई कराई जा रही है।
विज्ञापन


-चितरंजन कुमार सिंह, जिला अभिहित अधिकारी, बस्ती।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें