पूर्व प्रमुख के पति पर जानलेवा हमले में सात नामजद
बनकटी बाजार में पुरानी रंजिश में रविवार को हुआ था हमला
गंभीर रूप से घायल महादेवा निवासी जितेंद्र सिंह लखनऊ रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। स्थानीय ब्लॉक के पूर्व प्रमुख नीलम सिंह के पति जीतेंद्र सिंह पर रविवार को बनकटी बाजार में जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने सात नामजद व कुछ अज्ञात पर केस दर्ज किया है। आरोपितों पर बलवा, जानलेवा हमला, छिनैती, मारपीट समकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर मारपीट में घायल की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उनको लखनऊ रेफर कर दिया है। सहारा हास्पिटल के आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि घायल के भतीजे रामायण सिंह निवासी महादेवा की तहरीर पर भरवलिया निवासी मोनू पाल, गब्बर पाल, पीयूष पाल, आकाश पाल, शनि पाल, विवेक पाल और पुनीत पाल व अन्य अज्ञात की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लालगंज पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा गया है कि रविवार को जीतेंद्र सिंह अपने ड्राइवर राहुल के साथ कार में बैठकर देईसांड़ कस्बे से वापस घर जा रहे थे। बनकटी कस्बे के उपाध्याय मार्केट के सामने पहुंचने पर गाड़ी के सामने ट्रक लगवाकर साजिश के तहत रोक दिया गया। आरोपित गाड़ी से उन्हें उतारना चाहे। कामयाब न होने पर हाकी व रॉड से कार का शीशा तोड़ दिया। फिर जान से मारने की नीयत से जितेंद्र सिंह को बाहर खींच लिया और रॉड व हॉकी, डंडा तथा बल्ला से उन पर हमला किया गया। जीतेंद्र अचेत होकर वहीं गिर गए। जितेंद्र सिंह के गले से सोने की चेन व मोबाइल फोन तथा ड्राइवर राहुल का भी मोबाइल फोन लेकर आरोपित चले गए।