बस्ती। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), बस्ती में महिलाओं एवं युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से निशुल्क जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य प्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक आरएन मौर्य, डीडीएम नाबार्ड मनीष कुमार एवं आरसेटी निदेशक मृत्युंजय मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में कौशल विकास के माध्यम से महिलाएं एवं युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। ब्यूटी एवं वेलनेस के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षणार्थी स्वयं का ब्यूटी पार्लर शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। आरसेटी निदेशक ने प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा सीखे हुए हुनर का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने में करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं को विभिन्न रोजगार परक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। सभी ने प्रशिक्षण के माध्यम से ब्यूटी एवं पार्लर से संबंधित विभिन्न कौशल सीखकर भविष्य में अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करने का संकल्प लिया। आरसेटी के संकाय सदस्य धीरज राय, अखिलेश मिश्रा, सहायक मंजय सिंह व मनोज कुमार मौजूद रहे। संवाद