कप्तानगंज(बस्ती)। ब्लॉक परिसर स्थित सीडीपीओ कार्यालय से बृहस्पतिवार सुबह 11.30 बजे एंटी करप्शन टीम ने सफाईकर्मी को 25 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है। आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने के नाम पर उसने रुपये की मांग की थी।
इस दौरान सफाई कर्मी शोर मचाने लगा। ब्लॉक परिसर में मौजूद अन्य कर्मचारी और प्रधान उसके बचाव में एंटी करप्शन टीम की गाड़ी को रोकने की कोशिश करने लगे लेकिन टीम सफाईकर्मी को लेकर निकल गई।
टीम सीडीपीओ कार्यालय के कंप्यूटर और अभिलेख भी ले गई। इस कार्रवाई के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मचा रहा। कप्तानगंज ब्लॉक के पोखरा गांव के रहने वाले शिवमूरत गौड़ ब्लॉक क्षेत्र के परसपुरा गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात है।
उसकी पत्नी शीला गौड़ महुरैया में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है।
बताया जा रहा है कि सीडीपीओ कार्यालय कप्तानगंज में सफाईकर्मी की गहरी पैठ है। वह आंगनबाड़ी विभाग में नियुक्ति कराने को लेकर काफी दिनों से चर्चा में भी था।