बस्ती। दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। महानगरों के लिए कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसी क्रम में आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन 13 अक्तूबर से 25 नवंबर तक किया जाएगा। ट्रेन के संचालन से बस्ती और आसपास के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04028 आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल 13 अक्तूबर को रात 9:15 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी। अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर और गोंडा के रास्ते यह ट्रेन सुबह 8:40 बजे बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद खलीलाबाद और गोरखपुर होते हुए मुजफ्फरपुर जाएगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04027 मुजफ्फरपुर से 14 अक्तूबर को शाम 6:15 बजे रवाना होगी। हाजीपुर, सोनपुर, छपरा और गोरखपुर के रास्ते यह ट्रेन रात 1:50 बजे बस्ती पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। यह ट्रेन कुल 13 फेरों में संचालित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे की ओर से कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
20 कोच की होगी पूजा स्पेशल ट्रेन
आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, शयनयान श्रेणी के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के छह और एसएलआर के दो कोच शामिल होंगे।
कई ट्रेनें घंटों विलंबित
रेलवे की समय सारणी के अनुसार, शुक्रवार को संचालित होने वाली शहीद एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 8:45 घंटे विलंबित रही। ट्रेन के बस्ती स्टेशन पर सुबह 10:25 बजे पहुंचने का निर्धारित समय था, लेकिन विलंब के कारण इसके शाम करीब 7:10 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई। इसके अलावा दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल करीब डेढ़ घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल दो घंटे और नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल करीब तीन घंटे की देरी से संचालित हुई।