किशोरी से दुष्कर्म के मामले में केस न दर्ज करने का आरोप
पीड़िता के पिता ने उच्चाधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
दुबौलिया(बस्ती)। दुबौलिया थानाक्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने मुकामी पुलिस को एक नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
थानाक्षेत्र की दलित किशोरी के पिता ने एसपी व अन्य अधिकारियों को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि 18 नवंबर की शाम करीब छह बजे बेटी गांव के बाहर दुकान से सामान खरीद कर घर आ रही थी। रास्ते में एक व्यक्ति दो साथियों के साथ मिलकर उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठा लिया। थोड़ी दूर गन्ने के खेत में ले जा मारपीट कर दुष्कर्म किया और मौके से भाग गए। दुबौलिया पुलिस को एक नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी सोमवार को हुई है। मंगलवार सुबह लड़की और उसके पिता को थाने पर बुलाया गया है। कार्रवाई की जाएगी।