सात-आठ अक्टूबर तक हो सकती है मानसून की समाप्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में अभी चार दिन और बारिश होगी। मौसम के जानकारों का कहना है कि सात-आठ अक्टूबर तक मानसून का दौर समाप्त हो सकता है। हालांकि इस बीच बस्ती व गोरखपुर मंडल में तब तक कभी मध्यम बारिश तो कभी छिटपुट फुहारें पड़ती रहेंगी।
शुक्रवार शनिवार को जमकर बारिश हुई। पूरे दिन फुहारें पड़ती रहीं। तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। हालांकि शनिवार शाम से मौसम साफ हुआ। रविवार सुबह भी एक बार घने बादल छाए और लगा कि तेज बारिश होगी, मगर हवा का साथ न पाने की वजह से बादल टिक नहीं सके। दिन के 10 बजते-बजते तेज धूप निकल आई। दिनभर तेज धूप के बाद देर शाम मौसम का मिजाज थोड़ा जरूर बदला, लेकिन बारिश नहीं हुई। शाम करीब सात बजे गरज-चमक थी। बाद में काले बादल भी छाए, लेकिन वह बरसे बिना ही छट गए। दिनभर मौसम साफ रहने के कारण उमस वाली गर्मी रही। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डाक्टर अमरनाथ मिश्र के मुताबिक इस बार जुलाई के अंतिम दिनों में यानी देर से आने की वजह से मानसून देर से लौट रहा है। सामान्य तौर पर 28 सितंबर के आसपास मानसूनी बारिश समाप्त हो जानी चाहिए थी। लेकिन अब इसके अक्टूबर के पहले सप्ताह के अंत तक समाप्त होने की संभावना है। इस बीच हल्की बारिश होती रहेगी।