विधानसभा चुनाव : कलेक्ट्रेट में नामांकन के लिए तैयारियां शुरू
बस्ती। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को नामांकन के लिए बैरीकेडिंग का कार्य शुरू हो गया। शुक्रवार से विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू होगा।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शहर के कंपनी बाग से तहसील की ओर जाने वाले मार्ग व शास्त्री चौक पर भी बैरीकेडिंग की जा रही है। नामांकन के दिन इस मार्ग पर आम नागरिकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए नामांकन के लिए चार से दस फरवरी तक समय निर्धारित किया गया है। पांचों विधानसभा क्षेत्र मे अलग-अलग नामांकन स्थल बनाए गए हैं। यहां प्रत्याशी के अलावा उसके प्रस्तावक को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। नामांकन के दिन न्याय मार्ग पर बड़े वाहनों के प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि यह मार्ग आम जन के आवागमन के लिए खुला रहेगा, मगर इस मार्ग से कलेक्ट्रेट में कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि नामांकन के लिए सभी स्थलों को बैरीकेडिंग करा दी जाएगी जिससे आम जन का प्रवेश रोका जा सके। तैयारी शुरू हो गई है। नामांकन के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है।