100 से अधिक गांवों की बिजली गुल
भानपुर (बस्ती)। विद्युत उपकेंद्र भानपुर में शुक्रवार शाम 7 बजे बारिश के बीच तेज हवा के चलते गुल हुई बिजली शनिवार शाम तक नहीं आई। इससे उमस भरी गर्मी में लोग परेशान होते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी बीमार, बुजुर्ग, बच्चों और महिलाओं को हुई। पूरी रात और फिर दूसरे दिन भी बिजली न आने से कई लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए।
उपकेंद्र भानपुर के एसडीओ मनोज कुमार ने बताया कि फाल्ट ढूंढने के लिए भानपुर से बस्ती तक टीमें लगाई गई हैं। विद्युत उपकेंद्र भानपुर में शुक्रवार शाम 7 बजे हुए फाल्ट के बाद रामनगर, सोनहा, असनहरा और आमा फीडर से जुड़े 100 से अधिक गांवों में अंधेरा पसर गया। पहले तो लोगों को लगा कि बारिश बंद होते ही बिजली आ जाएगी, लेकिन बिजली आने के इंतजार में पूरी रात गुजर गई। शनिवार को दिन भी में बिजली नहीं आई तो लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से संपर्क करना शुरू किया। बताया गया कि बारिश में बिजली के पोलों के पास पानी भरे होने और जगह-जगह तारों पर बड़े पेड़ों की डालियां टकराने से फाल्ट खोजने में परेशानी आ रही है। जैसे ही फाल्ट मिलेगा, उसे ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।