देर रात हुआ जालान दंपती का पोस्टमार्टम
विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी थानाक्षेत्र के बबुरहवा गांव के पास सड़क हादसे के शिकार जालान दंपती का पोस्टमार्टम सोमवार की देर रात में हुआ। इस दौरान परिजनों का हुजूम उमड़ा रहा।
सोमवार की रात करीब आठ बजे लखनऊ से गोरखपुर जाते समय बबुरहवा गांव के पास कार सवार जालान दंपती प्रेम एवं पत्नी विद्या जालान की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई थी। 22 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। सड़क हादसे के शिकार दंपती की पहचान होते ही मामला हाई प्रोफाइल देख पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना रात नौ बजे छावनी थाने पर पहुंच गए। इस बीच कारोबारी के गोंडा, अयोध्या और बस्ती के तमाम रिश्तेदार और व्यवसायिक भी थाने पहुंचने लगे। एसपी ने दंपती के शव को थाने से पोस्टमार्टम हाउस के लिए रवाना किया और देर रात चिकित्सकों की आकस्मिक ड्यूटी लगाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक प्रेम जालान के बड़े भाई के रिश्तेदार गोरखपुर निवासी प्रांजल जालान को शव सौंप दिया गया।