संवाद न्यूज एजेंसी कप्तानगंज (बस्ती)। हड़ही घाट के पास रविवार की दोपहर में जामुन के पेड़ से किशोर का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन शव की पहचान करते हुए दहाड़ मारकर रोने लगे। पीलीभीत जिले का रहने वाला मजदूर अच्छतपुर ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जिले के विशलपुर थाना क्षेत्र केजसौली दीपाली गांव के रहने वाले राम किशोर अपने परिवार के साथ कई साल से कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अच्छतपुर देव ब्रिक फील्ड पर काम करने आते हैं। उनके साथ उनका बड़ा बेटा 16 वर्षीय शिव कुमार उर्फ बाबू भी काम करता था।
परिजनों के मुताबिक रविवार की सुबह छह बजे शिवकुमार उर्फ बाबू चाय पीकर भट्ठे से लापता हो गया। काफी देर तक उसका कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, मगर कोई सफलता नहीं मिली। दोपहर 2:30 बजे मनोरमा नदी के किनारे हड़ही घाट जंगल में लकड़ी बटोरने गईं गांव की कुछ महिलाओं ने जामुन के पेड़ में फंदे से लटका शव देखा। उनकी सूचना पर कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
तभी सूचना पर शिव कुमार के परिजन भी पहुंच गए और शव की। सूचना पर कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार मिश्रा और फॉरेंसिक टीम पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।
सीओ हर्रैया संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने पर ही सच्चाई पता चल पाएगी।