फार्मासिस्टों ने दो घंटे किया सांकेतिक कार्य बहिष्कार
- जिला अस्पताल परिसर में हुए एकत्र, की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुरानी पेंशन बहाली सहित बीस सूत्री मांगों के समर्थन में क्रम वार जारी आंदोलन की कड़ी में शनिवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की जिला शाखा ने दो घंटे के लिए सांकेतिक कार्य बहिष्कार किया। आंदोलनकारियों ने जिला अस्पताल में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी काउंटर बंद रहे। अस्पताल पहुंचे लोगों को दवा, इंजेक्शन, प्लास्टर आदि के लिए भटकना पड़ा।
जिला चिकित्सालय परिसर में शनिवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने सुबह आठ से दस बजे तक प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष उमेश सिंह ने कहा कि सरकार कर्मियों की वाजिब मांग को भी नजरंदाज कर रही है। कहा कि वे लोगों की परेशानी समझ रहे हैं, लेकिन सरकार की हठधर्मिता के चलते प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। मंत्री शैलेंद्र राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में फार्मासिस्ट अपनी सूझबूझ से मरीजों का इलाज कर देते हैं।
संघ के नेता प्रमोद पांडेय ने कहा कि पद नाम परिवर्तित करने, राइट टू प्रिसक्रिप्सन, वेतन विसंगति तथा पदों के सृजन की मांग वाजिब है। सरकार को तत्काल इस पर बातचीत कर आंदोलन समाप्त कराने की पहल करनी चाहिए। इस मौके पर अनुज यादव, राजेंद्र यादव, ओपी पांडेय, भानु चौधरी, अजीत गौतम, विजय श्रीवास्तव, सुभाष मिश्र, मधुसूदन पांडेय, सनातन मिश्र आदि मौजूद रहे।