पेट्रोलपंप लूटने पहुंचे तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
बस्ती। हर्रैया पुलिस ने एसओजी टीम के सहयोग से बभनान रोड स्थित पेट्रोलपंप पर लूट करने की फिराक में खड़े तीन बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से दो तमंचा, दो बाइक बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि बुधवार दोपहर सवा 12 बजे संदिग्ध अवस्था में खड़े बदमाशों से पूछताछ करने का प्रयास किया गया तो वे पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागे। जिसके बाद उन्हें खेतों में दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक हर्रैया व एसओजी की संयुक्त टीम हर्रैया से बभनान रोड से होकर हसीनाबाद की तरफ जा रहे थे। बभनान रोड पर स्थित अशोक सिंह के इंडियन आयल पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर आगे पुलिया के पास मुंह पर गमछा बांधे तीन युवक दिखे। जो मोटर साइकिल के नंबर प्लेट पर टेप चिपका कर ढके थे। संदेह होने पर उनको रोका गया तो उक्त में से एक ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जिसके बाद खेतों में दौड़ाकर तीनों को पकड़ लिया गया। इनके पास से दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा था। इनमें से एक गोंडा जिले के खोड़ारे से 15 मई को चोरी की गयी थी। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि उनका मुखिया आशीष मिश्रा है। उसी के कहने पर लूट करने आए थे। उनकी योजना पेट्रोलपंप का कैश लूटने की थी। यदि सेल्समैन विरोध करता तो गोली मार देते। गिरफ्तार बदमाशों में प्रतीक सिंह निवासी सिकहरा थाना खोड़ारे, कुलदीप सिंह निवासी सिकहरा थाना खोडारे गोंडा और निखिल निवासी रमदत्तपुर थाना खोडारे जनपद गोंडा शामिल है।
-----------
इस टीम ने की गिरफ्तारी
- गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी उमेश चन्द्र वर्मा, सर्विलांस प्रभारी दुर्विजय, एसएसआई कन्हैया पांडेय थाना हर्रैया, हेड कांस्टेबल रामेश्वर पांडेय, राघवेन्द्र दुबे एंटी व्हेकिल थेफ्ट टीम, दिलीप कुमार , अजय यादव, अभिषेक तिवारी, महेन्द्र यादव एंटी व्हेकिल थेफ्ट टीम व जितेन्द्र यादव सर्विलांस टीम शामिल रहे।
---------