61 केंद्रों पर 20,476 परीक्षार्थी देंगे पीईटी
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए तैनात किए गए 18 मजिस्ट्रेट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2021 जिले के 61 केंद्रों पर 24 अगस्त (आज) होगी। इसमें 20,476 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में सुबह दस से 12 बजे और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि जिले के सदर क्षेत्र 43, हरैया 15, भानपुर में दो और रुधौली में एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। एपीएन डिग्री कालेज, जीआरएस इंटर कालेज, बेगम खैर बालिका इंटर कालेज, खैर इंटर कालेज, महिला महाविद्यालय, शिवहर्ष उपाध्याय किसान पीजी कॉलेज, श्याम बहादुर आर्य कन्या इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, श्री कृष्ण पांडेय इंटर कालेज, श्रीमती कृष्ण कुमारी पांडेय बालिका कॉलेज, कृषक इंटर कॉलेज बेलाड़ी, हंसराज लाल इंटर कालेज गनेशपुर, राजन महिला डिग्री कालेज, श्री शिव मोहर नाथ पांडेय किसान जनता इंटर कॉलेज नगर बाजार, किसान इंटर कॉलेज गोटवा, गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुंडेरवा और विजय प्रताप इंटर कॉलेज महसों , चौधरी त्रिवेणी राम इंटर कालेज कलवारी, सेंट जेविर्यस हायर सेकेंड्री, सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग सहित 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों को 18 सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर के लिए एक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। सभी केंद्रों में एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगेे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए एक परीक्षा कक्ष में 24 से अधिक परीक्षार्थी नहीं बैठाए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल अथवा दूसरे इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्र के गेट पर ही इलेक्ट्रानिक उपकरणों का जमा करने की व्यवस्था होगी। केंद्र पर मास्क और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करना होगा। परीक्षा केंद्रों के दो सौ मीटर के परिधि में पुलिस फोर्स तैनात होगी।
वहीं डीआईओएस डीएस यादव ने बताया कि परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। केंद्रों पर प्रश्नपत्र केंद्र व्यवस्थापक, दो कक्ष निरीक्षकों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में खोला जाएगा। इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी होगी। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ पहचान के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।