जिला अस्पताल की ओपीडी के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : BASTI
लगातार बढ़ रहे बुखार के मरीज
बस्ती। जिले में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। तीन दिन के आंकड़ों में 386 मरीज पाए गए हैं। शुक्रवार को 14 सीएचसी पर बुखार के 32 मरीज मिले हैं। इनका इलाज चल रहा है। एसीएमओ डॉ. फखरेयार के मुताबिक सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है। आंकड़ों के अनुसार जिले में जनवरी से अब तक डेंगू के 11 व स्क्रबरटाइफस का एक रोगी पाया गया है। इलाज के बाद सभी स्वस्थ हैं।
इन दिनों मौसम का मिजाज लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। बारिश व धूप के चलते संक्रामक बीमारियां पांव पसार रही हैं। जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी-पीएचसी पर बड़ी संख्या में बुखार के मरीज आ रहे हैं। सीएमओ डॉ. अनूप कुमार ने गांव-गांव बुखार के मरीजों की तलाश के निर्देश दिए हैं। इन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है। सात सितंबर से अब तक जिले में 386 बुखार के मरीज मिले हैं। चिकित्सकों की मानें तो यह वायरल संक्रमण के चलते हो रहा है। कोरोना गाइडलाइन की तरह ही इसमें भी मरीज आइसोलेट हो जाए, जिससे वायरस नहीं फैलेगा। वायरस की रोकथाम से बुखार पर काबू पाया जा सकेगा। एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन ने कहा कि वायरल फीवर का मौसम चल रहा है। आम लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। बुखार होने पर तत्काल चिकित्सक से सलाह लेकर दवा खानी शुरू कर दें।