बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के कैली रोड स्थित एक अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने मामला शांत कराया। वहीं परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर जांच की मांग की।
बताया गया कि दूरबीन से इलाज का आश्वासन देकर डॉक्टर ने मरीज को चीरा लगा दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया कि फोड़े के इलाज के लिए पलटूराम को परिजन कैली स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टर ने खून जमा होने की बात कही थी।
आरोप है कि परिजन से 30 हजार रुपये मांगे गए। 7300 रुपये एडवांस दिया था। बताया कि मृतक पलटूराम को फोड़े से पहले किसी भी तरह की बीमारी नहीं थी। ऑपरेशन के आधे ही घंटे बाद ही तबीयत बिगड़ने लगी थी। आनन-फानन में अस्पताल कर्मी खून चढ़ाने लगे। इससे अकड़न शुरू हो गई और थोड़ी ही देर बाद पलटूराम के अंग काम करना बंद कर दिए। डॉक्टर ने निजी एंबुलेंस गोरखपुर भेजा। वहां जांच कर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शिकायत करने पर हॉस्पिटल स्टाफ के साथ महिला ने अभद्रता भी की। वीरेंद्र प्रताप ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस के जरिये हुई है। जांच के लिए टीम को भेजा जाएगा। संवाद