रुधौली। थानाक्षेत्र के नसीबगंज चौराहे पर शुक्रवार देर शाम बाइक से टक्कर से घायल पांचू की इलाज के दौरान लखनऊ में शनिवार को मौत हो गई। रुधौली थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा के 79 वर्षीय पांचू को पैदल जाते समय बाइक की चपेट में आने से वह घायल हो गए थे। परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए थे, जहां से डाॅक्टर ने मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया था। संवाद
सड़क हादसे में घायल महिला की मौत
बस्ती। परशुरामपुर थानाक्षेत्र के उदयपुर कला टिकरी मार्ग पर बकरी चराते समय बाइक की चपेट में आने से 16 जुलाई को 50 वर्षीय निशा घायल हो गई थीं। मेडिकल कॉलेज अयोध्या में इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई थी। उदयपुर कला निवासी उनके पति की तहरीर पुलिस ने केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद
जमीन के विवाद में बेटी व नाती ने मारापीटा, केस
बस्ती। परशुरामपुर पुलिस ने खेत में बुवाई व जोताई को लेकर महिला को पीटने व धमकाने के आरोप में उसकी बेटी व नाती के खिलाफ केस दर्ज किया है। दुफेड़ी की रामलली उर्फ जयपता ने तहरीर दी है कि उनके पति की 25 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। 12 बीघा जमीन में दो बेटियाें केशवपति व गायत्री के नाम चार-चार बीघा बैनामा किया था। गायत्री को कैंसर हो गया। एक बीघा जमीन बेचकर उसने इलाज कराया। अब उनके पास तीन बीघा जमीन बची है। आरोप है कि जैसे ही वह अपने बचे खेत को जोतने व बोने जाती हैं तो बड़ी बेटी केशवपति व उसका पुत्र झिन्नु मारने को दौड़ा लेते हैं। पुलिस ने केशवपति व उसके बेटे झिन्नु के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
वाहन की टक्कर से फिशिंग कैट की मौत
सल्टौआ। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बस्ती डुमरियागंज मार्ग पर शनिवार भोर में खरहरा जप्ती गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से फिशिंग कैट की मौत हो गई। वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना के घंटों बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को दफन करा दिया। संवाद
नशे में मारपीट का आरोप, एफआईआर
बस्ती। रुधौली पुलिस ने रुधौली के वार्ड नंबर दस में मारपीट की घटना में केस दर्ज किया है। इसी वार्ड के विशाल चौरसिया ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि विपक्षी दारू पीकर घर पर चढ़ गया। अपशब्द कहते हुए उन्हें मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इसी वार्ड के रहने वाले आरोपी पंडित चौरसिया के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
मारपीट में महिला हुई बेहोश, केस
बस्ती। दुबौलिया थानाक्षेत्र के नयकापार में मारपीट का मामला सामने आया है। नयकापार के रामनरायन ने तहरीर दी है कि खेत की मेड़ के विवाद में उनके गांव के विपक्षी उसके दरवाजे पर आ गए। उनके बेटे शिवप्रसाद और पत्नी कौशिल्या को मारापीटा। पत्नी को गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई। विपक्षी अपशब्द व जानमाल की धमकी देते हुए चले गए। पुलिस ने गांव के रामलखन, रामचंदर, महेन्दर, यशवंत के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
धान की बेहन उखाड़ने पर मारपीट
बस्ती। वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के महसीन में धान का बेहन उखाड़ने की बात को लेकर मारपीट हो गई। महसीन निवासी कुशलावती ने थाने में तहरीर दी है कि उनके खेत में लगी धान की बेहन को उखाड़ने के बात पर विपक्षियों ने उन्हें व उनकी बेटी को अपशब्द कहते हुए जानमाल की धमकी दी। विरोध करने पर दोनों को मारापीटा। बीच-बचाव में आई बेटी अंशु को भी मारपीट कर धमकाया। पुलिस ने इसी गांव की रामरती, इरावती, संगीता व आशा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
खोदाई की अनुमति के बारे में पूछने पर मारापीटा
बस्ती। नगर पुलिस ने खजुरिया श्रीनेत में मारपीट का केस दर्ज किया है। गौर थाने के बैदोलिया निवासी धीरेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया है कि विपक्षी खजुरिया श्रीनेत में जेसीबी से खुर्द करा रहे थे। उन्होंने अनुमित के बारे में पूछा तो अपशब्द कहते हुए मारापीटा। साथ ही जानमाल की धमकी दी। उनका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया। पुलिस ने गौर बदौलिया निवासी धीरेंद्र सिंह के अलावा रानू यादव, अजय यादव, अमित यादव व शुभम यादव पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
घर में घुसकर सास-बहू समेत तीन को पीटने का आरोप
बस्ती। मुंडेरवा पुलिस ने परसवा में मारपीट की घटना में चार लोगों पर केस दर्ज किया है। परसवा सोनखर की सरोज देवी ने तहरीर दी है कि वह अपने पुराने शौचालय को तोड़वाकर नया शौचालय बनवा रही थीं और लकड़ी को हटाकर रखा था। आरोप है कि विपक्षियों ने इसी बात को लेकर अपशब्द कहा। मना करने पर मारापीटा। जान बचाने के लिए घर के अंदर घुस गई तो अंदर आकर मारपीटा। बीच-बचाव में आई उनकी सास व भाई को भी मारापीटा। ग्रामीणों के जुटने के बाद धमकी देकर चले गए। पुलिस ने गांव के बहाऊ, विनोद, दिलीप व व्यासमुनि के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
स्टेशन के पास मिला लापता युवक
वाल्टरगंज। स्थानीय पुलिस ने तीन दिन पूर्व लापता युवक को खोजकर परिजनों को सुपुर्द किया। क्षेत्र के बड़कुइया निवासी राम प्रकाश ने अपने 21 वर्षीय बेटे अजय के 16 जुलाई को लगभग साढ़े नौ बजे पटेल चौक से लापता होने की सूचना दी थी। शनिवार को रेलवे स्टेशन के निकट उसे ढूंढ़ लिया गया। संवाद
दुघर्टना में बाइक सवार घायल
विक्रमजोत। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के घघौवा चौकी अंतर्गत केशवपुर के पास शुक्रवार रात 12 बजे छावनी से अयोध्या जा रहे बाइक सवार दो लोगों को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक चालक आशुतोष पांडेय निवासी खेसुआ और विवेक कुमार निवासी रमवापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी सर्वेश चौधरी ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत भेजा। सूचना पर घायलों के परिजन भी पहुंच गए। संवाद
किशोरी को भगाने व दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
कलवारी। पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाकर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी शाहिद को पाऊं चौराहे के पास से पकड़ा गया। 9 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने तहरीर दी थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को आरोपी शाहिद शादी का झांसा देकर भगा ले गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। किशोरी 11 जुलाई को मिली और उसका मेडिकल कराया गया था। संवाद